Hazaribagh: कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित बानादाग रेलवे साइडिंग में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बिहार से कोयला लाने पहुंची एक मालवाहक ट्रेन के वैगन से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेलवे पुलिस, CISF की टीम तथा एनटीपीसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. जानकारी के अनुसार, रेलवे साइडिंग में मालवाहक ट्रेन की नियमित सुरक्षा जांच के दौरान कर्मचारियों की नजर वैगन में पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी. संदेह होने पर जब बोरे को खोला गया तो उसके अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला. शव मिलने की सूचना तत्काल कटकमदाग थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि रेलवे साइडिंग से सूचना मिली थी कि मालवाहक ट्रेन के एक वैगन में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और विधिवत कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया गया. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा मृतक की पहचान करने का प्रयास भी जारी है.
यह भी पढ़ें: रांची: कल निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, हाईलेवल बैठक में की गई तैयारियों की समीक्षा
पुलिस ने कहा- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति होगी स्पष्ट
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से कुछ नकद रुपये बरामद हुए हैं. वहीं, शव के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान भी पाए गए हैं. इन चोटों के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत कैसे हुई और शव ट्रेन के वैगन तक कैसे पहुंचा. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. रेलवे पुलिस, स्थानीय थाना, CISF और एनटीपीसी के अधिकारी संयुक्त रूप से घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और मृतक की पहचान होने के बाद ही मामले का पूरा खुलासा हो सकेगा. घटना के बाद रेलवे साइडिंग क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और इलाके में चर्चा का विषय बना रहा.
