Ranchi: राजधानी रांची में गुरुवार को निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. रथयात्रा और 10 दिनों तक चलने वाले रथ मेले की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को एक हाईलेवल समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
हाईलेवल बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में रांची के SSP राकेश रंजन, सिटी ग्रामीण SP, ट्रैफिक SP, हटिया DSP, NDRF के अधिकारी समेत पुलिस और प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक, भीड़ प्रबंधन, आपदा से निपटने की तैयारी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तार से समीक्षा की गई.
सात वॉच टॉवर और 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती
प्रशासन ने रथ मेले की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. पूरे मेला परिसर में सात वॉच टॉवर बनाए गए हैं, जहां पुलिसकर्मी शिफ्टवार तैनात रहेंगे. उन्हें बाइनोक्युलर (दूरबीन) भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके. मेले की सुरक्षा में करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इनमें रैपिड एक्शन पुलिस (RAP), जैप, जैप-10 की महिला बटालियन, जिला पुलिस, होमगार्ड, SIRB सहित अन्य सुरक्षा बल शामिल हैं.
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी हर गतिविधि पर नजर
पूरे मेला परिसर में बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए दो कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. पहला निलाद्री भवन और दूसरा मौसीबाड़ी के सामने संचालित होगा. दोनों कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र की पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखेंगे.
NDRF, फायर ब्रिगेड और रिजर्व फोर्स भी रहेगी तैनात
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, वज्र वाहन, टियर गैस टीम, रिजर्व पुलिस बल और NDRF की टीमों को भी तैनात रखा जाएगा, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके.
ट्रैफिक व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष फोकस
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं. कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा, जिसकी जानकारी पहले ही आम लोगों को जारी कर दी गई है. प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
यह भी पढ़ें: चतरा: SP की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी का आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी सम्मानित
