Hazaribagh: सदर थाना क्षेत्र में बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है. एक विद्यालय संचालक द्वारा 20 हजार रुपये का चेक जारी किया गया था, लेकिन उसमें कथित तौर पर एक अतिरिक्त शून्य जोड़कर 2 लाख रुपये की निकासी कर ली गई. मामले की शिकायत बैंक प्रबंधक और सदर थाना में दर्ज कराई गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय संचालक ने पुस्तकों और अन्य सामग्री के भुगतान के लिए एक व्यक्ति को 20 हजार रुपये का चेक दिया था. आरोप है कि बाद में चेक में एक अतिरिक्त शून्य जोड़ दिया गया, जिसके कारण 20 हजार रुपये की जगह 2 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया.
लापरवाही के कारण अधिक राशि का भुगतान हुआ
खाते से 2 लाख रुपये निकाले जाने का मोबाइल संदेश मिलने पर विद्यालय संचालक हैरान रह गए. इसके बाद उन्होंने बैंक पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की. जांच के दौरान बैंक प्रबंधक ने पाया कि कैशियर ने केवल अंकों के आधार पर भुगतान कर दिया, जबकि चेक में राशि अंकों और शब्दों दोनों में अंकित रहती है. इसी लापरवाही के कारण अधिक राशि का भुगतान हो गया.
शिकायत मिलने के बाद बैंक प्रबंधक और अन्य कर्मचारी तत्काल सदर थाना पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस ने अधिक राशि निकालने वाले व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाना बुलाया. बताया जा रहा है कि बैंक के CCTV फुटेज में संबंधित व्यक्ति 2 लाख रुपये निकालते हुए दिखाई दे रहा है.
पुलिस ने बरामद किए 2 लाख रुपये
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति ने पहले 2 लाख रुपये निकालने की बात स्वीकार की, लेकिन बाद में अपना बयान बदलते हुए अतिरिक्त राशि बैंक गार्ड को देने का दावा किया. हालांकि, उसके इस दावे के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है. बताया जाता है कि पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के घर से 2 लाख रुपये बरामद कर बैंक को सौंप दिए हैं. फिलहाल मामले की जांच जारी है. पुलिस और बैंक प्रबंधन पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रहे हैं, वहीं बैंक कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं.
ALSO READ: पलामू हिरासत मौत का मामला: मेडिकल सर्टिफिकेट में हेरफेर एवं पुलिस कस्टडी में बर्बरता का खुलासा


