Palamu: गढ़वा रोड जंक्शन रेलवे स्टेशन इन दिनों अपनी बदहाली और गंदगी के अंबार को लेकर चर्चा में है. यह स्टेशन सीआईसी सेक्शन का एक प्रमुख केंद्र है, जहां से न केवल स्थानीय बल्कि चार राज्यों के हजारों यात्री रोजाना सफर करते हैं. इसके बावजूद स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर भारी गंदगी पसरी हुई है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति इतनी खराब है कि यात्रियों को वॉशरूम जाने के लिए अपनी नाक पर रुमाल रखना पड़ता है. इसके अलावा, प्लेटफॉर्म पर हर समय लावारिस पशु इधर-उधर घूमते रहते हैं, जो यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से बेहद चिंताजनक है. इस स्टेशन पर सभी एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होने के कारण यहां चौबीसों घंटे यात्रियों की भारी भीड़ रहती है. साथ ही, इसी क्षेत्र में प्रमंडल और सूबे का इकलौता बिरला ग्रुप का कॉस्टिक प्लांट भी संचालित है, जिसके अधिकारियों और कर्मचारियों का यहां लगातार आना-जाना लगा रहता है. इतनी महत्ता होने के बावजूद स्टेशन की व्यवस्था रामभरोसे है.
ALSO READ: बारिश ने रोका उद्घाटन समारोह, पहले मैच में रांची टाइटंस की रोमांचक जीत, अब धोनी के इंतजार में दर्शक

सफाईकर्मियों की कमी बनी बड़ी वजह
इस अव्यवस्था के पीछे सफाईकर्मियों की भारी कमी को मुख्य कारण बताया जा रहा है. हेल्थ इंस्पेक्टर एस अंसारी के अनुसार, स्टेशन पर छह सफाईकर्मियों की जगह वर्तमान में मात्र एक ही कर्मी तैनात है, जिसके कारण नियमित सफाई का काम पूरी तरह ठप हो गया है. दूसरी ओर, स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि सफाई का ठेकेदार मजदूरी के पैसे बचाने के चक्कर में जानबूझकर कम मजदूर रख रहा है. इस बदहाली से नाराज कई यात्रियों ने रेल विभाग के आलाधिकारियों से मामले की लिखित शिकायत की है और पूरी स्थिति की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
