Chaibasa: खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड सरकार के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा प्रखंड का दौरा किया. उन्होंने विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी समेत जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे. भ्रमण के दौरान सचिव ने गोईलकेरा हाट के समीप बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत स्थापित आम बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया. इसके बाद उन्होंने प्रखंड कार्यालय परिसर में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की संकुल स्तरीय समिति द्वारा तैयार बर्तन बैंक की शुरूआत की. अधिकारियों ने उन्हें बर्तन बैंक की कार्यप्रणाली तथा ग्रामीण क्षेत्रों में इसके सामाजिक और आर्थिक महत्व की जानकारी दी. इसके बाद सचिव ने प्रखंड सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में पीडीएस दुकान संचालकों से मुलाकात की. उन्होंने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, लाभुकों को समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने और संचालन से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करते हुए संचालकों से सुझाव प्राप्त किए. इस अवसर पर डाकिया योजना के तहत बिरहोर परिवारों के बीच धोती एवं साड़ी का वितरण भी किया गया. वहीं स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित पीडीएस दुकानों और अन्य दुकानदारों के लिए टी-शर्ट एवं छाता वितरण कार्यक्रम का भी शुभारंभ हुआ.
यह भी पढ़ें: बारिश ने रोका उद्घाटन समारोह, पहले मैच में रांची टाइटंस की रोमांचक जीत, अब धोनी के इंतजार में दर्शक

पीडीएस संचालकों की सचिव ने की प्रशंसा
अपने संबोधन में राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि राज्य में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और भुखमरी जैसी परिस्थितियों पर नियंत्रण स्थापित करने में पीडीएस संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने संचालकों की सेवा भावना और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता में उनकी अहम भागीदारी है. सचिव ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भी प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है. उन्होंने पलाश नोटबुक निर्माण, दीदी कैफे और बर्तन बैंक जैसी आजीविका गतिविधियों को आत्मनिर्भरता और आय वृद्धि का सफल मॉडल बताया. इस दौरान महिलाओं द्वारा तैयार केक एवं अन्य उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी सचिव ने सराहना की.
“प्रोजेक्ट आहार” की सफलता में पीडीएस संचालकों की सक्रिय भूमिका : DC
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जनहित में कई नवाचार लागू किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि जिले में संचालित “प्रोजेक्ट आहार” की सफलता में पीडीएस संचालकों की सक्रिय भूमिका रही है. प्रत्येक माह 6 और 18 तारीख को आयोजित होने वाले “आहार दिवस” के माध्यम से राशन कार्डधारियों तक समयबद्ध और सुगम खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, पीडीएस संचालकों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और ग्रामीणों ने जिले को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया. राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है. उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की. इस अवसर पर नजारत उप समाहर्ता देवेंद्र कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलको, गोईलकेरा प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार, डीपीएम-जेएसएलपीएस आशियानी मारकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, पीडीएस संचालक एवं लाभार्थी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: झारखंड में बकाया टैक्स विवादों के निपटारे के लिए नया कानून जल्द, सरकार ने मांगे सुझाव
