Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

मालवाहक वाहन व स्कूटी में जोरदार टक्कर, मां-पुत्र सहित तीन की मौत

Lohardaga: लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मां-पुत्र समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत...

Lohardaga Accident
सड़क से मालवाहक हटाती जेसीबी

Lohardaga: लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मां-पुत्र समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-39 पर कुड़ू-रांची मुख्य मार्ग स्थित ढुलुवाखुंटा के समीप हुई, जहां शराब लदे एक मालवाहक वाहन और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद करीब दो घंटे तक हाइवे जाम रहा, जिसे प्रशासन की तत्परता से हटाया गया.

घटना के बाद इलाके में मची अफरा-तफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालवाहक वाहन (जेएच 01 एई 4495) रांची से शराब लेकर पलामू की ओर जा रहा था. वहीं, कुड़ू थाना क्षेत्र के रोन्हैया कोलसिमरी गांव निवासी विषुण भगताईन अपने पुत्र किशोर भगत और भतीजा निरंजन उरांव के साथ स्कूटी (जेएच 01 बीडी 0695) पर सवार होकर मांडर अस्पताल में भर्ती अपने पति से मिलने जा रही थीं. इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे ढुलुवाखुंटा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार किशोर भगत और निरंजन उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विषुण भगताईन ने लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

हादसे के बाद शराब लदे वाहन से शराब लूटने के उद्देश्य से भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे नियंत्रित करने के लिए कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को खदेड़कर स्थिति को संभाला. इस दौरान मालवाहक वाहन सड़क के बीचों-बीच पलट जाने के कारण हाइवे पूरी तरह बाधित हो गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतकों के प्रति नाराजगी जताते हुए सड़क जाम कर दिया.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचल अधिकारी (सीओ) संतोष उरांव और थाना प्रभारी अजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों को शांत कराया और करीब दो घंटे बाद सड़क जाम हटाकर आवागमन पुनः शुरू कराया.

मालवाहक वाहन में सवार तीन लोग भी घायल

इस हादसे में मालवाहक वाहन में सवार तीन लोग विनत मुंडा, विकास मिंज और टिंकू राम भी घायल हो गए. सभी रांची के कांके थाना क्षेत्र के गांधी नगर कांके रोड निवासी बताए जा रहे हैं. घायलों का प्राथमिक उपचार कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में किया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल विनत मुंडा और विकास मिंज को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया.

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया सदर

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया है. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

घटना के बाद प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए मृतकों के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए तत्काल सहायता राशि के साथ दो क्विंटल चावल भी उपलब्ध कराया. स्थानीय लोगों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की, हालांकि सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठाए.

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है. प्रशासन ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.

रिपोर्टर : अमित वर्मा

यह भी पढ़ें: ईचागढ़ प्रखंड को मिला पंचायत समिति श्रेणी में सम्मान, उत्कृष्ट कार्यों के लिए सीएम हेमंत सोरेन ने किया पुरस्कृत

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *