Ranchi: सेक्टर-2, वार्ड 41 स्थित 15 वर्ष पुराने सामुदायिक भवन में रांची नगर निगम द्वारा पुलिस प्रशासन और निगम अधिकारियों की मौजूदगी में ताला लगाए जाने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है. इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस की रांची महानगर इकाई ने आम लोगों को समर्थन देते हुए अनिश्चितकालीन धरना का ऐलान किया है. सामाजिक कार्यकर्ता एवं भवन के सचिव विशाल सिंह ने आरोप लगाया कि वार्ड 41 की वर्तमान पार्षद सह भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री नीलम चौधरी ने इस भवन को निजी पार्षद कार्यालय खोलने के लिए चिह्नित कराया और गलत जानकारी देकर निगम से तालाबंदी करवा दी. उन्होंने कहा कि इसी वार्ड में पांच अन्य सामुदायिक भवन जर्जर हालत में पड़े हैं, लेकिन उन पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
यह भी पढ़ें : 27% ओबीसी आरक्षण की मांग पर सुदेश महतो को जेल भेजने की साजिश : आजसू
मांगें नहीं मानी गयी तो नगर निगम का घेराव
जगन्नाथपुर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रविशंकर ने कहा कि यह भवन गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए 24 घंटे खुला रहता था. यहां श्राद्ध कर्म के लिए मुफ्त सुविधा दी जाती थी, जबकि शादी-विवाह के लिए मात्र 1100 रुपये में उपलब्ध कराया जाता था. इसके अलावा बच्चों के लिए पेंटिंग, बुजुर्गों के लिए योगा तथा अटल क्लिनिक के माध्यम से मुफ्त इलाज और दवा की सुविधा भी दी जा रही थी. रांची महानगर कांग्रेस के महासचिव सह प्रवक्ता इंद्रजीत सिंह ने कहा कि नगर निगम की गुंडागर्दी नहीं चलेगी. जब तक भवन को पहले की तरह आम जनता के लिए नहीं खोला जाता, तब तक धरना जारी रहेगा. मांगें नहीं मानी गईं तो नगर निगम का घेराव भी किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : महिला आक्रोश मार्च कलः राजधानी रांची की सड़कों पर दिखेगी आधी आबादी की ताकत : अन्नपूर्णा देवी
मौके पर कांग्रेस के कई नेता रहे मौजूद
प्रदेश महासचिव कमल ठाकुर ने कहा कि यह भवन आम जनता के लिए है, किसी पार्षद के निजी कार्यालय के लिए नहीं. यदि निगम इसे विधिवत तरीके से नहीं खोलता है तो चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा. मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग एवं स्थानीय लोग मौजूद थे. साथ ही महानगर कांग्रेस के अभिषेक सिंह, निश्चल सिंह, सीमा हेम्ब्रम, आकाश रजवार, अनिकेत सिंह, नील सिंह और मनीष सिंह भी उपस्थित रहे.
