Ranchi : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र से एक बड़ी देने वाली खबर सामने आई है. चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शुक्रवार की सुबह एक किराए के मकान में मां और उसके ढाई साल के मासूम बेटे की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं, इसी कमरे में दो अन्य लड़कियां मरणासन्न स्थिति में मिली हैं, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्राथमिक जांच में मौत की वजह बंद कमरे में कोयले के चूल्हे से निकला जहरीला धुआं माना जा रहा है. मृतक में पिंकी देवी (32 वर्ष) और उनका बेटा श्रवण कुमार (ढाई वर्ष) शामिल है. इसके अलावा चंदा कुमारी (15 वर्ष) पिंकी देवी की ननद, प्राची कुमारी की स्थिति गंभीर है.
टोटो चालक और मजदूर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
यह पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के महमदा गांव का रहने वाला है और पिछले करीब ढाई साल से चटकपुर शांति नगर में धन्नू यादव के मकान में किराए पर रह रहा था. परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद सामान्य है. पिंकी देवी के पति चंदन साहू का पहले ही निधन हो चुका है, जिसके बाद वह रांची की एक कपड़ा दुकान में काम कर परिवार का हाथ बंटाती थीं. परिवार में पिंकी के ससुर पंचम साहू (जो टोटो चलाकर घर चलाते हैं) और सास मुन्नी देवी (जो मजदूरी करती हैं) भी साथ रहते हैं. इस हादसे ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है.
सुबह पांच बजे एस्बेस्टस हटाकर घुसे लोग, अंदर का मंजर देख कांप उठी रूह
घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हुआ. रोज की तरह जब काफी देर तक पिंकी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ. आवाज देने और खटखटाने पर भी जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो स्थानीय लोगों ने मकान की छत पर लगे एस्बेस्टस को हटाया और नीचे कमरे में दाखिल हुए. कमरे के अंदर का नजारा बेहद खौफनाक था. चौकी पर पिंकी देवी और उनका ढाई साल का बेटा श्रवण बेजान पड़े थे, जबकि बगल में ही चंदा और प्राची तड़प रही थीं. ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस को सूचित किया और घायलों को अस्पताल भेजा.
दम घुटने की आशंका, एक छोटी सी लापरवाही और काल बन गया चूल्हा
घटनास्थल पर पहुंची रातू थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि यह हादसा दम घुटने के कारण हुआ है.
