परिवहन विभाग के पास भेजा गया चालान
अजय दयाल, रांची

Ranchi: वाहनों की रफ्तार और अपराध पर लगाम लगाने के लिए कांटाटोली, सिरमटोली तथा रातू रोड फ्लाइ ओवर पर स्पीड गन व सीसीटीवी कैमरा लगेगा. इसका प्रस्ताव ट्रैफिक पुलिस ने परिवहन विभाग और पुलिस मुख्यालय को भेजा है. कैमरा वाहनों की रफ्तार के साथ-साथ नंबर प्लेट रिकॉग्नाइज्ड (एनपीआर) और फोटो भी लेगा, यह कैमरा तेज रफ्तार वाहन पर रोक लगाने के साथ वारदात कर भाग रहे अपराधी और उसके वाहन की पहचान करेगा. इससे दुर्घटना और अपराध दोनों पर नियंत्रण होगा.
ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अन्य शहरों की तरह स्पीड लिमिट 80 किमी/घंटा से अधिक चलने वाले वाहनों पर ऑटोमेटिक चालान कटेगा. कैमरा का संचालन स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर से होगा. कांटाटोली फ्लाइओवर में स्पीड में कहीं-कहीं अंतर रखा गया है. इसमें कुछ स्थानों पर स्पीड लिमिट 40-45 किमी/घंटा रखा गया गया है.
मुख्य बिंदु
- ट्रैफिक पुलिस ने परिवहन विभाग और पुलिस मुख्यालय को भेजा प्रस्ताव
- कैमरा गाड़ी की रफ्तार के साथ नंबर प्लेट रिकॉग्नाइज्ड तकनीक से फोटो लेगा
- अपराधी व उनके वाहन की पहचान करने में मददगार साबित होगा कैमरा
- स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर से होगा संचालन, स्पीड लिमिट का फ्लैक्स भी लगेगा
- मोबाइल पर एसएमएस से आ जायेगा चालान
स्पीड लिमिट 80 किमी/घंटा
फ्लाइओवर पर 80 किमी/घंटा की सीमा पार करते ही वाहन मालिक के मोबाइल पर एसएमएस से चालान आ जायेगा. फ्लाइओवर पर चलते समय जितनी बार वाहन गति सीमा पार करेगा, उतनी बार अलग-अलग कैमरा से चालान कटेगा. कैमरा में स्पीड लिमिट सेट कर उसे लगाया जायेगा, ताकि ऑटोमेटिक चालान काटा जा सके.
कमांड सेंटर से चालान सीधे वाहन मालिक के मोबाइल पर भेजा जायेगा. फ्लाइओवर पर स्पीड लिमिट का फ्लैक्स भी लगाया जायेगा. वर्तमान में कई चालक 100-120 की गति से वाहन चलाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है. अधिकारी ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस के पास अपना फंड नहीं है, इसलिए कैमरा लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है. प्रस्ताव 2025 दिसंबर में ही भेजा गया था, लेकिन अभी तक उस प्रस्ताव पर मोहर नहीं लगा है.
