Bokaro: बेरमो अनुमंडल के डीवीसी बोकारो थर्मल पावर प्लांट परिसर में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. डीवीसी के एचओपी सुशील कुमार अरजरिया ने प्लांट परिसर में नवनिर्मित एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (एटीपी) एवं प्राइमरी ट्रीटमेंट प्लांट (पीटीपी) कंट्रोल बिल्डिंग का फीता काटकर और नारियल फोड़कर विधिवत उद्घाटन किया. इस अवसर पर प्लांट परिसर को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के संकल्प के साथ एक वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसके तहत परियोजना प्रधान सहित अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण किया. नए ईटीपी और पीटीपी कंट्रोल बिल्डिंग के चालू होने से बिजली उत्पादन के दौरान निकलने वाले औद्योगिक कचरे और पानी को आधुनिक तरीके से रीसायकल किया जा सकेगा. इससे न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यावरण सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन करने में भी मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें: रांची: नामकुम में युवक को गोली मारने वाले दो अपराधी गिरफ्तार

पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर जोर
मौके पर एचओपी ने कहा कि डीवीसी बिजली उत्पादन के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. कार्यक्रम के दौरान पावर प्लांट के सुचारू संचालन और आधुनिक तकनीकों को अपनाने में कामगारों की भूमिका की भी सराहना की गई. इस मौके पर मुख्य रूप से डीवीसी के तमाम वरीय अधिकारी, तकनीकी विंग के इंजीनियर, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में श्रमिक व कामगार उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: बिना लाइसेंस चल रहे मैरिज हॉलों पर नगर निगम का शिकंजा, बिना अनुज्ञप्ति वाले संस्थानों को दी गई चेतावनी
