Koderma: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती प्यार में बदली और आखिरकार दो बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ ध्वजाधारी धाम में शादी रचा ली. यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना है.
महिला के पति का हो चुका है निधन
जानकारी के अनुसार, मरकच्चो थाना क्षेत्र के गोरहंद गांव निवासी रूपा कुमारी के पति आलोक ठाकुर का पहले ही निधन हो चुका है. महिला के दो बच्चे हैं. कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान बिहार के पटना जिले के खरखट निवासी रोहित कुमार से हुई. बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया.

परिजनों को दी रिश्ते की जानकारी
बताया जाता है कि महिला ने अपने परिजनों को भी इस रिश्ते की जानकारी दी और युवक से शादी करने की इच्छा जताई. युवक भी विवाह के लिए तैयार हो गया. इसके बाद दोनों ने झुमरी तिलैया में मिलने का निर्णय लिया.
ध्वजाधारी धाम में हुई शादी
तय कार्यक्रम के अनुसार, युवक पटना से कोडरमा जंक्शन पहुंचा, जबकि महिला अपने मायके हजारीबाग जिले के चलकुशा से झुमरी तिलैया आई. दोनों सरकारी बस स्टैंड पर परिजनों की मौजूदगी में मिले. बातचीत के दौरान शादी की चर्चा शुरू हुई. कुछ देर बाद परिजन बच्चों को लेकर वहां से चले गए.
इसके बाद स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों ध्वजाधारी धाम पहुंचे, जहां हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया. युवक ने महिला की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया. शादी के बाद दोनों ने साथ रहने की बात कही. यह अनोखी प्रेम कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.


