सोनम वांगचुक के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे जयराम महतो, भावुक होकर बोले- ‘देश को विकास से भटकाया जा रहा’

Ranchi: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का आमरण अनशन लगातार 20वें दिन भी जारी है. जंतर-मंतर पर चल रहे इस आंदोलन को देश...

image: AI Genertaed

Ranchi: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का आमरण अनशन लगातार 20वें दिन भी जारी है. जंतर-मंतर पर चल रहे इस आंदोलन को देश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार समर्थन मिल रहा है. इसी कड़ी में झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट से विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता टाइगर जयराम महतो भी जंतर-मंतर पहुंचे. यहां उन्होंने सोनम वांगचुक से मुलाकात की, उनका समर्थन किया और केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए. मुलाकात के दौरान जयराम महतो भावुक भी हो गए.

पीएम मोदी पर साधा निशाना

मीडिया से बातचीत में जयराम महतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश का माहौल विकास के मुद्दों से हटकर धार्मिक ध्रुवीकरण की ओर मोड़ दिया गया है. उनका आरोप था कि जब किसी देश की राजनीति धर्म के आधार पर होने लगे, तब आम लोगों के मुद्दे पीछे छूट जाते हैं और सोनम वांगचुक जैसे लोगों के संघर्ष की भी अनदेखी होने लगती है. उन्होंने कहा कि सरकार को विकास, शिक्षा और जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन वर्तमान माहौल में इन मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है.

सोनम वांगचुक से मिलकर क्यों भावुक हुए?

सोनम वांगचुक से मुलाकात के दौरान जयराम महतो भावुक नजर आए. जब उनसे इसकी वजह पूछी गई तो उन्होंने कहा कि उनका अपना जीवन भी बेहद साधारण पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है और वह आज भी अपनी जड़ों को नहीं भूले हैं. उन्होंने कहा कि अक्सर लोग विधायक, सांसद या बड़े अधिकारी बनने के बाद अपना रहन-सहन और जीवनशैली बदल लेते हैं, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. आज भी वह अपने गांव, वहां की मिट्टी, दोस्तों और आम लोगों से जुड़े हुए हैं. इसी कारण सोनम वांगचुक के संघर्ष को करीब से देखकर उनकी भावनाएं उमड़ पड़ीं.

Read Also: गिरिडीह: महदैया में वन भूमि से हटाया गया अतिक्रमण, JCB से ध्वस्त की गई अवैध चहारदीवारी, गिरिडीह निवासी पर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज

सरकार से की मांग, आंदोलन को गंभीरता से लेने की अपील

जयराम महतो ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह सोनम वांगचुक की मांगों को गंभीरता से सुने और उनके आंदोलन की अनदेखी न करे. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों की आवाज को सम्मान मिलना चाहिए. जयराम महतो ने यह भी कहा कि आज के कई नेता जनता के बीच कम जा रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें आम लोगों की परेशानियों का सही अंदाजा नहीं है. उनका कहना था कि सरकार को जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को समझकर समाधान निकालना चाहिए.

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठाई मांग

इस दौरान जयराम महतो ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग की.

लगातार जारी है सोनम वांगचुक का अनशन

बता दें कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से जंतर-मंतर पर आमरण अनशन पर बैठे हैं. उनकी विभिन्न मांगों को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुका है. कई सामाजिक संगठनों, छात्र संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता जंतर-मंतर पहुंचकर उन्हें समर्थन दे रहे हैं. वहीं, जयराम महतो की इस मुलाकात और उनके बयानों ने आंदोलन को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज कर दी है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *