Jamshedpur: जिले में बाइक सवार अपराधियों ने ट्रेन के लोको पायलट की सिर में गोली मारकर हत्या कर दिया. यह घटना रविवार की देर रात हुई है. टाटानगर स्टेशन टीओपी से कुछ ही दूरी पर बागबेड़ा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो अपराधियों ने लोको पायलट जीके गौतम की सिर में पिस्टल सटाकर गोली मार दी. लहूलुहान हालत में सड़क पर गिरे गौतम को आनन-फानन में रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई.
मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे
लोको पायलट जीके गौतम रविवार देर रात कांड्रा से मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे. अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद वह पैदल ही रेलवे ट्रैफिक कालोनी स्थित संयुक्त चालक और परिचालक लॉबी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान, लॉबी गेट के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधी पास पहुंचे. इससे पहले कि गौतम कुछ समझ पाते, अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी.
अपराधी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. मृतक लोको पायलट मूल रूप से बिहार में बेगूसराय जिले के बछवाड़ा अंतर्गत जहांगीर ग्राम के रहने वाले थे. वर्तमान में वह आदित्यपुर में अपने परिवार के साथ रहते थे. बताया जा रहा है कि रेलवे की नौकरी के साथ-साथ गौतम जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से भी जुड़े हुए थे.
