Jamtara: ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार, आजीविका को सुदृढ़ करने एवं ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM G) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित डीपीआरसी सभागार में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने की. उप विकास आयुक्त, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी एवं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया.
पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान अधिनियम के उद्देश्यों, प्रमुख प्रावधानों, कार्यान्वयन प्रक्रिया तथा विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई. अधिकारियों को योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ नियमित अनुश्रवण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.
उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने कहा कि अधिनियम के प्रावधानों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. योजनाओं को धरातल पर सफलतापूर्वक उतारने के लिए प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर बेहतर समन्वय जरूरी है. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया.
कार्यशाला में जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष, प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेश कुमार दास, जामताड़ा बीडीओ अविश्वर मुर्मू, परियोजना पदाधिकारी पूनम, मास्टर प्रशिक्षक, बीपीओ, एई, जेई, रोजगार सेवक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
