Jamtara: जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत ग्राम सकलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय सकलपुर में पठन-पाठन में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) विकेश कुणाल प्रजापति ने सख्त कार्रवाई की है. डीएसई ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की और प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक इनामुल हक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. इसके साथ ही विद्यालय में कार्यरत पारा शिक्षक दिनेश कुमार मंडल के वार्षिक 4 प्रतिशत वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) पर रोक लगा दी गई है. वहीं संबंधित संकुल संसाधन सेवी के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई है.
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया शिक्षा विभाग
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय सकलपुर का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में विद्यालय के कुछ छात्र नशा मुक्ति अभियान के बैनर के साथ अनुचित व्यवहार करते हुए दिखाई दे रहे थे. छात्रों द्वारा अभियान से संबंधित तस्वीर फाड़े जाने की बात भी सामने आई थी.बताया जाता है कि गांव निवासी अरुण मंडल ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था. आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं अन्य लोगों द्वारा वीडियो हटाने का दबाव बनाया गया तथा शिकायतकर्ता के साथ धमकी और मारपीट का प्रयास किया गया.
डीएसई ने विद्यालय पहुंचकर की जांच
ग्रामीणों की शिकायत और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए डीएसई विकेश कुणाल प्रजापति बुधवार को प्राथमिक विद्यालय सकलपुर पहुंचे. उन्होंने विद्यालय की स्थिति की जांच की और संबंधित लोगों से जानकारी ली. जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने के बाद डीएसई ने प्रभारी प्रधानाध्यापक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की. वहीं अन्य संबंधित कर्मियों पर भी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
अनुशासन और शिक्षा व्यवस्था से समझौता नहीं : डीएसई
डीएसई विकेश कुणाल प्रजापति ने कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन और बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है. किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों और कर्मियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ALSO READ: 19 जुलाई तक जमा करें इन्यूमरेशन फॉर्म, 22 जुलाई को BLO और BLA-2 की होगी आखिरी मीटिंग
