Ranchi: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी मतदाताओं से 19 जुलाई तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को जमा करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इससे मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम समय पर पूरा हो सकेगा. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर लगभग 96 प्रतिशत मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा चुके हैं. अब केवल वे मतदाता बचे हैं, जो घर पर नहीं मिले, मतदान क्षेत्र से बाहर रहते हैं या किसी अन्य कारण से अभी तक फॉर्म प्राप्त या जमा नहीं कर पाए हैं. उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 की तीसरी और अंतिम बैठक होगी. इस बैठक में एएसडीडी (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा. इसके बाद 5 अगस्त को मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के साथ यह सूची भी प्रकाशित की जाएगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 19 जुलाई तक फॉर्म जमा होने से उसके डिजिटाइजेशन, मतदाताओं के सत्यापन, एक ही परिवार के मतदाताओं को एक मतदान केंद्र से जोड़ने (रेशनलाइजेशन) और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकेंगी.
यह भी पढ़ें: ब्लैकआउट के बीच सिविल डिफेंस का मॉक ड्रिल, बोकारो में परखी गई आपदा से निपटने की तैयारी
फॉर्म नहीं मिला तो ऐसे करें आवेदन
अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म प्राप्त करें और भरकर तुरंत जमा करें.
किसी भी जानकारी के लिए वोटर हेल्पलाइन 1950 पर कॉल करें.
Voters Service Portal या ECINET ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन इन्यूमरेशन फॉर्म भरा जा सकता है.
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो मतदाता 19 जुलाई तक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर देंगे, उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: 40 साल का इंतजार होगा खत्म ? चांडिल बांध विस्थापितों के दर्द पर सरकार का बड़ा कदम, 30 दिन में मांगी रिपोर्ट
