Jamtara: जिले के नारायणपुर प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को प्रशासनिक बदलाव के तहत कमलेश कुमार दास ने 39वें प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के रूप में पदभार ग्रहण किया. उन्होंने निवर्तमान बीडीओ देवराज गुप्ता से विधिवत कार्यभार संभाला. पदभार ग्रहण के दौरान प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में आवश्यक दस्तावेजों और अभिलेखों का हस्तांतरण किया गया.
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद नवपदस्थापित बीडीओ कमलेश कुमार दास ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान तथा प्रखंड प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. उन्होंने प्रखंडवासियों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील भी की.
जनता को आभार व्यक्त की
वहीं, निवर्तमान बीडीओ देवराज गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए प्रखंड कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने विश्वास जताया कि नए बीडीओ के नेतृत्व में प्रखंड में विकास कार्यों को और गति मिलेगी. पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे. नए बीडीओ के आगमन पर कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.



