Ranchi: अपनी पहचान, अस्मिता, पेंशन और अन्य मांगों के समर्थन में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा आंदोलन करेगा. इसी कड़ी में बुधवार को पूरे राज्य से लगभग 20 हजार आंदोलनकारी रांची के मोरहाबादी मैदान में जुटेंगे और वहां से मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए निकलेंगे.
CM आवास जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग
आंदोलन को देखते हुए रांची पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी कर ली है. मुख्यमंत्री आवास पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

600 सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात
सुरक्षा के मद्देनजर तीन कंपनी रैपिड एक्शन पुलिस (RAP), एसआईआरबी, जैप और इको बल सहित करीब 600 सुरक्षाकर्मियों को मोरहाबादी मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक तैनात किया जाएगा. इनमें हथियारबंद जवानों के साथ लाठी पार्टी भी शामिल रहेगी.
फायर ब्रिगेड और आंसू गैस दस्ता भी रहेगा मौजूद
मोरहाबादी मैदान और मुख्यमंत्री आवास के आसपास ब्रज वाहन, फायर ब्रिगेड वाहन, रंगीन पानी के टैंकर और आंसू गैस स्क्वॉड की भी तैनाती की गई है. प्रशासन की प्राथमिक कोशिश आंदोलनकारियों को मोरहाबादी मैदान में ही रोकने की रहेगी.
Also Read: शहादत दिवस पर CM ने कहा – धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाना ही हमारा परम लक्ष्य
कई स्थानों पर लगाए गए बैरिकेड
इसके लिए मोरहाबादी मैदान के आसपास कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है. एसएसपी आवास के समीप, डीसी आवास से रांची कॉलेज जाने वाले मार्ग सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
ट्रैफिक डायवर्ट होने की संभावना
आंदोलन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है. प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर कुछ मार्गों पर यातायात डायवर्ट करने की संभावना जताई है.
