झारखंड में मानसून मेहरबान: लो प्रेशर के असर से कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. गंगा के पश्चिमी बंगाल और उससे सटे झारखंड तथा...

image: AI Generated

Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. गंगा के पश्चिमी बंगाल और उससे सटे झारखंड तथा उत्तरी ओडिशा के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब झारखंड और उसके आसपास के इलाकों पर केंद्रित है. इस मौसमी हलचल के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा, जिससे बारिश की गतिविधियां और तेज होने की पूरी संभावना है.

पिछले 24 घंटों का मौसम और तापमान का हाल

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग सभी स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई, जबकि कुछ चुनिंदा जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी देखने को मिली. पलामू जिले के उतरी रोड में सबसे ज्यादा 185 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. राज्य में सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में रिकॉर्ड किया गया. सबसे कम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया.

आगामी दिनों के लिए चेतावनी और भारी बारिश का अलर्ट

  •  25 अगस्त: राज्य में कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है.इसके साथ ही, राज्य के उत्तर-पश्चिमी और इनसे सटे मध्य भागों (गुमला एवं लोहरदगा) में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है.
  • 26 अगस्त: दक्षिण हिस्सों (सिमडेगा एवं पश्चिमी सिंहभूम) और इनसे सटे मध्य भागों (गुमला एवं खूंटी) में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इस दौरान भी वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं.
  • 27 अगस्त: मध्य भागों (रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो एवं धनबाद) तथा इनसे सटे उत्तर-पश्चिमी (चतरा) और उत्तर-पूर्वी (गिरिडीह) जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है.
  • 28 और 29 अगस्त: दक्षिणी हिस्सों (सिमडेगा एवं पश्चिमी सिंहभूम) और इनसे सटे मध्य भाग (गुमला) में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
  • 30 और 31 अगस्त: राज्य के दक्षिणी भाग में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि 31 अगस्त के बाद मौसम में सुधार के संकेत हैं.

Read Also: हजारीबाग: शहर की खूबसूरती पर जगह-जगह बदइंतजामी के दाग, निगम नहीं ले रहा सुध

रांची और आसपास के इलाकों का मौसम पूर्वानुमान

  • 25 अगस्त: आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.
  • 26 अगस्त: बादल छाए रहने के साथ दो या अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
  • 27 अगस्त: आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा मध्यम दर्जे की बारिश होगी. अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
  • 28 और 29 अगस्त: आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की जाएगी. अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा.
  • 30 और 31 अगस्त : मौसमी स्थिति में विशेष बदलाव नहीं होगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा एक-दो बार हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है.
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *