भट्टी की तरह तपा झारखंड: डाल्टनगंज 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म, पलामू प्रमंडल में हीट वेब का कहर, जानें कब मिलेगी राहत

Ranchi: झारखंड इस समय मौसम के दो चरम छोरों के बीच पिस रहा है. राज्य में एक तरफ पलामू प्रमंडल भीषण लू...

Ranchi: झारखंड इस समय मौसम के दो चरम छोरों के बीच पिस रहा है. राज्य में एक तरफ पलामू प्रमंडल भीषण लू की चपेट में है, तो दूसरी तरफ साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के असर से कई इलाकों में आंधी-बारिश और वज्रपात का दौर जारी है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर में घरों से न निकलने और खराब मौसम में सतर्क रहने की चेतावनी दी है.

आसमान से बरस रही आग

झारखंड के उत्तर-पश्चिमी जिलों में सूरज के तेवर बेहद तल्ख हो चुके हैं. पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा. पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में हीट वेब का कहर जारी है. गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है.

यह भी पढ़ें: न्यूज वेव एक्सपोजः आइएस और राज्य सेवा के अफसरों के ट्रांसफर- पोस्टिंग की इकोनॉमिक्स, जानिए एक अधिकारी की रवानगी पर कितना बैठता है बिल?

राहत की बौछारें: दुमका में सबसे ज्यादा बारिश

गर्मी के इस सितम के बीच झारखंड के कुछ हिस्सों में बादलों ने राहत भी पहुंचाई है. संताल परगना के दुमका में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 6.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण बिहार से लेकर तटीय आंध्र प्रदेश तक झारखंड से होकर गुजर रही ट्रफ लाइन की वजह से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो रही है. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गोड्डा में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

ranchidwr_hi

आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल

• 25 मई: धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग और कोडरमा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी और वज्रपात की आशंका है. जबकि गढ़वा-पलामू में लू चलेगी.
• 26-27 मई: उत्तर-पश्चिम जिलों को छोड़कर पूरे राज्य में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.
• 28-30 मई: पूरे झारखंड में मौसम का मिजाज बदलेगा. कई जगहों पर आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होने से गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: सीबीएसइ 12वीं का रिजल्ट: फीस पेमेंट में तकनीकी लोचा, किसी से कटे ज्यादा तो किसी से कम, बोर्ड ने बताया अब क्या होगा

राजधानी रांची का साप्ताहिक अनुमान

रांची में 25 मई को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे उमस भरी गर्मी परेशान करेगी. हालांकि, 26 मई से बादलों की आवाजाही और गर्जना के साथ बारिश के चलते पारे में गिरावट आएगी. 28 मई तक रांची का अधिकतम तापमान गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक आने की संभावना है, जिससे राजधानीवासियों को झुलसती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.

शहर का नाम     अधिकतम तापमान

• डाल्टनगंज                   44.8 डिग्री सेल्सियस
• सरायकेला                   41.8 डिग्री सेल्सियस
• जमशेदपुर                   41.3 डिग्री सेल्सियस
• बोकारो थर्मल               40.5 डिग्री सेल्सियस
• चाईबासा                    40.4 डिग्री सेल्सियस
• खूंटी                          39.5 डिग्री सेल्सियस
• रांची                          39.2 डिग्री सेल्सियस
• लोहरदगा                   38.9 डिग्री सेल्सियस
• पाकुड़                       37.5 डिग्री सेल्सियस
• लातेहार                      34.7 डिग्री सेल्सियस

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *