Giridih: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की बहुप्रतीक्षित परीक्षा रविवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गई. इस महत्वपूर्ण परीक्षा में जिले के कुल 43 केंद्रों पर लगभग 15,600 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा को निष्पक्ष, कदाचारमुक्त और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया.
धारा 163 लागू, 500 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा
सदर अनुमंडल दंडाधिकारी श्रीकांत यशवंत विषपुते द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की गई है. यह आदेश रविवार सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक प्रभावी रहेगा. इसके तहत प्रत्येक परीक्षा केंद्र की 500 मीटर की परिधि में अनावश्यक भीड़, जमावड़ा और संदिग्ध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई गई है.

दो पालियों में परीक्षा, फ्लाइंग स्क्वॉड सक्रिय
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है. सभी केंद्रों पर पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात हैं, जो लगातार निगरानी कर रहे हैं.
ALSO READ: जमशेदपुर: सोनारी के आवास टावर अपार्टमेंट में AC ब्लास्ट से लगी भीषण आग, कई लोग फंसे, रेस्क्यू जारी
प्रशासन की अपील, नियमों का पालन करें अभ्यर्थी
उड़नदस्ता दल (फ्लाइंग स्क्वॉड) भी सक्रिय रूप से गश्त कर रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके. प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके.
