Palamu: पलामू के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (जिला स्कूल), मेदिनीनगर के विद्यार्थियों ने NEET UG-2026 में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है.सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत तीन विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था, योग्य शिक्षकों का मार्गदर्शन, अनुशासित अध्ययन और लगातार मेहनत के बल पर सरकारी स्कूलों के छात्र भी देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं.
तीन छात्रों ने लहराया सफलता का परचम
विद्यालय के छात्र ऋषि राज आनंद (पिता–यमुना प्रजापति) ने 594 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 11,995 हासिल की है. शुभम कुमार गुप्ता (पिता–रमेश कुमार गुप्ता) ने 506 अंक के साथ AIR 82,065 प्राप्त किया, जबकि अविक पांडेय (पिता–राघवेंद्र पांडेय) ने 505 अंक हासिल कर AIR 83,481 प्राप्त की है.तीनों विद्यार्थियों की सफलता मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (जिला स्कूल) की बेहतर शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों के प्रयास और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है.
पूरे पलामू के लिए गर्व का क्षण
इन विद्यार्थियों की उपलब्धि उनके परिवार और विद्यालय के साथ-साथ पूरे पलामू जिले के लिए प्रेरणादायक है. यह सफलता सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए नया आत्मविश्वास पैदा करेगी.यह उपलब्धि हजारों विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी. सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को भी अब राष्ट्रीय स्तर पर सफलता का नया भरोसा मिलेगा.
उपायुक्त ने दी बधाई
पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने तीनों सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बताया. मेहनत और मार्गदर्शन से मिलती है सफलता.
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो, ईमानदारी से मेहनत की जाए और शिक्षकों का उचित मार्गदर्शन मिले, तो सफलता जरूर मिलती है.
जिला प्रशासन कर रहा लगातार प्रयास
डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय जैसे संस्थानों में तैयार हो रहा बेहतर शैक्षणिक माहौल अब परिणामों के रूप में सामने आ रहा है.
भविष्य में और सफलता की उम्मीद
उपायुक्त ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में पलामू के और अधिक विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन करेंगे.डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, विद्यालय परिवार और शिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
READ ALSO: सरायकेला में साप्ताहिक जनता दरबार, DC ने सुनी जनसमस्याएं
