Click Here
Click Here
Click Here

कोडरमा: फीस विवाद ने पकड़ा तूल, आइलेक्स पब्लिक स्कूल पर अभिभावकों ने लगाए गंभीर आरोप

Koderma: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के पावर हाउस डंडाडीह स्थित आइलेक्स पब्लिक स्कूल (Ilex Public School) विवादों में घिर गया...

 Koderma: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के पावर हाउस डंडाडीह स्थित आइलेक्स पब्लिक स्कूल (Ilex Public School) विवादों में घिर गया है. विद्यालय के एक अभिभावक अलाउद्दीन अंसारी ने जयनगर थाना में लिखित आवेदन देकर स्कूल के डायरेक्टर डॉ. शैलेश कुमार और प्राचार्य मुकेश कुमार पर बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना, बिना अनुमति वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने तथा अभिभावकों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

क्या है मामला?

अभिभावक अलाउद्दीन अंसारी द्वारा आवेदन में बताया गया है, कि उनकी बेटी विद्यालय की कक्षा दसवीं की छात्रा है. दो माह की फीस बकाया रहने पर प्राचार्य मुकेश कुमार ने उनकी बेटी सहित अन्य छात्रों को कड़ी धूप में मुर्गा बनाकर खड़ा कर दिया. छात्रा ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद 9 जुलाई को अलाउद्दीन अंसारी अन्य अभिभावकों के साथ विद्यालय पहुंचे. उनका कहना है कि फीस जमा करने और घटना की जानकारी लेने के दौरान प्राचार्य ने बातचीत के बजाय उनका वीडियो बनाकर विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. शैलेश कुमार को भेज दिया, जिसके बाद वह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया.

आवेदन के अनुसार, वीडियो वायरल होने के बाद अन्य अभिभावक और पत्रकार भी विद्यालय पहुंच गए. इसी दौरान विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. शैलेश कुमार भी पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे किसी अभिभावक को नहीं जानते और यदि वे वहां से नहीं गए तो उन्हें कार्यालय में तोड़फोड़ और पैसे छीनने जैसे झूठे आरोपों में फंसा देंगे.

आइडियल प्रोग्रेसिव स्कूल के नाम से कराया गया था बच्चों का नामांकन

अभिभावक ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि पहले बच्चों का नामांकन आइडियल प्रोग्रेसिव स्कूल के नाम से कराया गया था, जबकि वर्तमान में विद्यालय आइलेक्स पब्लिक स्कूल के नाम से संचालित किया जा रहा है. आरोप है कि विद्यालय में केवल कक्षा आठ तक की पढ़ाई होनी है, इसके बावजूद कक्षा नौ और दस की पढ़ाई कराई जा रही है. साथ ही छात्रों की अपार आईडी (APAAR ID) विद्यालय द्वारा अपने पास रखी गई है.

आवेदन में यह भी कहा गया है कि जनवरी 2026 से मासिक शुल्क में अचानक भारी बढ़ोतरी कर दी गई. पहले जहां फीस 200–300 रुपये थी, वहीं अब 1700–1800 रुपये तक ली जा रही है. किताबें और ड्रेस भी विद्यालय से ही खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है. बच्चों के अनुसार, फीस जमा नहीं करने पर अभिभावकों को जेल भेजने और कोर्ट का चक्कर लगवाने की धमकी भी दी जाती है. साथ ही फीस की रसीद आइलेक्स पब्लिक स्कूल की बरही शाखा के नाम से काटे जाने का भी आरोप लगाया गया है. आवेदन में यह भी उल्लेख है कि बिना अनुमति लोगों के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए तथा मौके पर पहुंचे बीआरसी के अधिकारियों और पत्रकारों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया.

दूसरे पक्ष की ओर से भी दर्ज हुई प्राथमिकी

वहीं, इस मामले में विद्यालय प्रबंधन ने भी जयनगर थाना में आवेदन देकर स्थानीय मुखिया इरफान अंसारी, उपमुखिया रहीम अली तथा अलाउद्दीन अंसारी पर विद्यालय कार्यालय में तोड़फोड़ करने, कार्यालय से 1.56 लाख रुपये निकाल लेने तथा 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है. विद्यालय प्रबंधन के आवेदन के आधार पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

इस संबंध में थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर प्राथमिकी दर्ज कराई है. मामले की जांच की जा रही है. डी.एस.ई और सीओ मामले को देख रहे हैं.

यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर: बंदगांव मंडल भाजपा की मासिक बैठक संपन्न. संगठन विस्तार और कार्यक्रमों पर हुई चर्चा

WhatsApp-Image-2026-06-15-a

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *