Koderma: झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की नई सूची जारी होने के बाद कोडरमा जिले के दो प्रमुख नेताओं को प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी मिली है. भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह और डॉ. नरेश पंडित को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है. भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी ने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि दोनों नेता सामाजिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत पहचान रखते हैं. उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सहित प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया.
पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान
अनूप जोशी ने कहा कि पार्टी की विचारधारा के साथ ईमानदारी और समर्पण से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को भाजपा हमेशा सम्मान देती है. उन्होंने विश्वास जताया कि नए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अपनी ऊर्जा और अनुभव से संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. डॉ. नरेश पंडित भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने दो बार चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष और जिला कार्यसमिति सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई है. वर्तमान में वे शिवतारा शिशु मंदिर के अध्यक्ष पद पर रहते हुए शिक्षा क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
सम्मान समारोह में कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए जाने के बाद झुमरी तिलैया मंडल की ओर से सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में दोनों नेताओं का स्वागत किया गया. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव, बरकट्ठा विधायक अमित यादव, बरही विधायक मनोज यादव सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
