Koderma: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं गव्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सर्वप्रथम कृषि विभाग की योजनाओं, जैसे बीज विनिमय योजना, झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना, खरीफ बीज वितरण, मृदा जांच, किसान समृद्धि योजना, किसान गोष्ठी, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.
मिलेट योजना के तहत मंडुवा की खेती का बढ़ावा
उपायुक्त ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना के तहत मंडुवा की खेती को बढ़ावा दिया जाए. साथ ही अरहर की खेती के विस्तार के साथ-साथ माखाना उत्पादन की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर किसानों को ऋण सुविधा से आच्छादित किया जाए. मशरूम एवं स्ट्रॉबेरी उत्पादन संबंधी परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने जेएसएलपीएस के माध्यम से मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

स्वीकृत योजनाओं को लाभुकों तक पहुंचाना
पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत दुधारू गाय वितरण, बकरी पालन, जोड़ा बैल वितरण, बत्तख पालन सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ लाभुकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें. साथ ही पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण एवं बकरी पालन योजनाओं का पूर्ण वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारें
उपायुक्त ने गव्य विकास विभाग एवं भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारें तथा यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. इसके लिए सभी विभाग समर्पित भाव से कार्य करें. बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, जिला कृषि पदाधिकारी सुरेश स्वांसी, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. विनिता, जिला मत्स्य पदाधिकारी विजय सिंह, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी हिमांशु कुमार, डीपीएम जेएसएलपीएस सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
