Giridih: शहर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से गिरिडीह पुलिस ने “महिला शक्ति पेट्रोलिंग” अभियान की शुरुआत की है. इस विशेष पहल के तहत फिलहाल पांच स्कूटी पर 10 महिला पुलिसकर्मियों की टीम को तैनात किया गया है, जो शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखेगी.
पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन
इस अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, डीएसपी कौसर अली, इंस्पेक्टर मंटू कुमार एवं नगर थाना प्रभारी रतन सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया. पुलिस प्रशासन द्वारा गठित यह टीम विशेष रूप से महिला कॉलेज, निजी स्कूल, कोचिंग सेंटर तथा उन स्थानों पर निगरानी रखेगी, जहां छात्राओं और महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है. अभियान का मुख्य उद्देश्य छेड़खानी, ईव टीजिंग और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना है.

Read Also: सावधान : नशे में ‘टल्ली’ होकर चलाई गाड़ी, तो 2 साल के लिए जेल होगी नयी मंजिल, 724 पर गिर चुकी है गाज
भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी होगी नियमित पेट्रोलिंग
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी, ताकि महिलाएं और छात्राएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें. किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं डायल 112 या जिला कंट्रोल रूम नंबर पर संपर्क कर महिला पेट्रोलिंग टीम से सहायता प्राप्त कर सकती हैं. इसी दौरान सर जेसी बोस स्कूल स्थित पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन भी किया गया. उद्घाटन के बाद पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों ने वहां से पैदल मार्च निकालते हुए आरके महिला कॉलेज तक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया. पुलिस प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में “महिला शक्ति पेट्रोलिंग” अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा, ताकि शहर में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके.
