छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है. मंगलवार को डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से बड़ा विस्फोट हुआ, जिसमें 10 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 23 से अधिक लोग घायल हो गए. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मौके पर ही तीन की मौत, बाकी ने अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के अनुसार, हादसे के समय प्लांट में कई मजदूर काम कर रहे थे. विस्फोट इतना तेज था कि तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान कई और लोगों ने दम तोड़ दिया. घायलों का इलाज रायगढ़ के अस्पताल में चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
राहत और बचाव कार्य में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और फंसे हुए मजदूरों को बाहर निकालने का काम शुरू किया. प्रशासन ने प्लांट परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
कंपनी ने जताया दुख, इलाज को बताया प्राथमिकता
वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि बॉयलर यूनिट में हुई यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने बताया कि इस यूनिट का संचालन उप-ठेकेदार कंपनी एनजीएसएल के कर्मचारी कर रहे थे. कंपनी ने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना है.
सीएम साय ने जताया शोक, सख्त कार्रवाई का आश्वासन
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
पीएम मोदी ने भी जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है.
