Ranchi : एनआईए की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बम विस्फोट मामले में फरार चल रहे टीएमसी के पूर्व विधायक को गिरफ्तार कर लिया. एनआईए की टीम ने पश्चिम बंगाल के चर्चित भांगड़ बम विस्फोट मामले में यह कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने मामले के मुख्य संदिग्ध और फरार चल रहे पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को दक्षिण 24 परगना जिले से गिरफ्तार कर लिया है.

चुनाव से पहले बम बनाते समय हुआ था धमाका
एनआईए की जांच के मुताबिक, यह मामला पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले का है. जब अवैध रूप से क्रूड बम (कच्चा बम) बनाने के दौरान एक जोरदार विस्फोट हुआ था. इस धमाके में बम बनाने वाले एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
साजिश रचने और सबूत मिटाने का आरोप
शौकत मोल्ला इस पूरे मामले में चौथे आरोपी हैं जिन्हें गिरफ्तार किया गया है. एनआईए की तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि पूर्व विधायक ही इस पूरी साजिश के मुख्य सूत्रधार थे. उन्होंने ही अन्य आरोपियों को बम बनाने के निर्देश दिए थे. यही नहीं, विस्फोट होने के बाद कानून के शिकंजे से बचने के लिए मोल्ला ने आरोपियों को घटनास्थल से सबूत मिटाने और दृश्य के साथ छेड़छाड़ करने का भी आदेश दिया था.
कड़ियों को जोड़कर हुई गिरफ्तारी
शौकत मोल्ला की गिरफ्तारी एनआईए की लगातार छापेमारी और सघन तलाशी अभियान के बाद मुमकिन हो सकी है. इससे ठीक पहले एजेंसी ने एक और आरोपी को दबोचा था. जिसने विस्फोट के बाद मारे गए व्यक्ति और घायलों को अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में छिपाकर ठिकाने लगाने का काम किया था. उसी से मिली लीड के आधार पर पूर्व विधायक को भी गिरफ्तार लिया गया.
जांच का दायरा बढ़ा
गृह मंत्रालय भारत सरकार के आदेश पर इस संवेदनशील मामले की कमान राज्य पुलिस से लेकर एनआईए को सौंपी गई थी. एनआईए के अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि इस बम विस्फोट के पीछे छिपी किसी बड़ी राजनीतिक या आपराधिक साजिश का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके.
