Giridih: अवैध पत्थर खनन के खिलाफ लगातार खबरें प्रकाशित किए जाने के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया है. न्यूज़ वैभव द्वारा मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद खान विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. कार्रवाई के बाद अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. खान निरीक्षक सह प्रभारी जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) विश्वनाथ उरांव के आवेदन पर गेनरो पंचायत के साठीबाद गांव के समीप संचालित अवैध पत्थर खदान मामले में बेंगाबाद थाना में केस दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में गेनरो निवासी मो. ताहिर अंसारी और सरफराज आलम को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि दो अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है.
खान निरीक्षक ने अपने आवेदन में कहा है कि स्थल निरीक्षण के दौरान अवैध खनन के पर्याप्त साक्ष्य मिले. हालांकि जांच के समय खनन कार्य बंद था, लेकिन मौके पर मौजूद प्रमाणों से स्पष्ट हुआ कि बिना किसी वैध पट्टे के बड़े पैमाने पर पत्थरों का उत्खनन किया जा रहा था. जांच में यह भी सामने आया कि अवैध रूप से निकाले गए पत्थरों की आपूर्ति स्थानीय क्रशर इकाइयों को की जा रही थी, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान पहुंच रहा था. प्राथमिकी में मामले को एमएमडीआर एक्ट, 1957 की धारा 4 का उल्लंघन तथा धारा 21 के तहत दंडनीय अपराध बताया गया है. खान विभाग ने पुलिस से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
एक माह पहले भी हुई थी कार्रवाई, लेकिन नहीं हुई गिरफ्तारी
गौरतलब है कि करीब एक माह पूर्व भी साठीबाद और अरतोका क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया था. उस समय भी अवैध खनन की पुष्टि हुई थी और अज्ञात संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. लेकिन एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस संचालकों की पहचान तक नहीं कर सकी, जिससे अवैध खनन का कारोबार बेखौफ जारी रहा.
लगातार मिल रही शिकायतों और मीडिया में मामला उजागर होने के बाद खान निरीक्षक विश्वनाथ उरांव ने दोबारा जांच की. इस बार जांच के आधार पर मो. ताहिर अंसारी और सरफराज आलम को नामजद करते हुए दो अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.
थाना प्रभारी बोले, जल्द होगी गिरफ्तारी
बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.
अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है. अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस अवैध पत्थर कारोबार के पूरे नेटवर्क तक कब पहुंचती है और इस धंधे पर स्थायी रोक लगाने में कितनी सफल होती है.
ALSO READ: CM ने परिवार संघ शिरडी में की पूजा-अर्चना, राज्य की खुशहाली के लिए की कामना



