पहली पत्नी और बच्चे को छिपाकर रचाई दूसरी शादी, 20 लाख दहेज लेने के बाद खुला राज, पति गिरफ्तार

Hazaribagh: बड़कागांव थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शादी के नाम पर किए जाने वाले छल और दहेज...

Hazaribagh: बड़कागांव थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शादी के नाम पर किए जाने वाले छल और दहेज उत्पीड़न की गंभीरता को उजागर कर दिया है. एक युवक पर आरोप है कि उसने अपनी पहली पत्नी और बच्चे की जानकारी छिपाकर दूसरी युवती से विवाह कर लिया. शादी के बाद जब सच्चाई सामने आई तो पीड़िता को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

पहली पत्नी जिंदा, बच्चा भी मौजूद… फिर भी रचा ली दूसरी शादी!

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहली शादी और बच्चे की बात पूरी तरह छिपाकर हिंदू रीति-रिवाज से दूसरी शादी की. शादी के कुछ दिनों बाद ही उसे एक युवती का फोन आया, जिसने खुद को आरोपी की पहली पत्नी बताया. इसी फोन कॉल के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. पीड़िता हेवंती कुमारी (28 वर्ष) ने बड़कागांव थाना में दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी 20 अप्रैल 2026 को नापोखुर्द निवासी वतन कुमार (34 वर्ष) के साथ हुई थी. उसने आरोप लगाया कि शादी से पहले उसके पिता और भाई ने आरोपी तथा उसके परिवार को घर निर्माण के लिए 10 लाख रुपये नकद दिए थे. इसके अलावा शादी में भी करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए. घरेलू सामान के रूप में पलंग, गोदरेज, फ्रिज, स्कूटी, ड्रेसिंग टेबल, टीवी, पंखा समेत अन्य सामग्री भी दी गई थी.

शादी के दो महीने बाद आया एक फोन और खुल गई पूरी सच्चाई

पीड़िता ने बताया कि ससुराल पहुंचने के लगभग दो महीने बाद उसे एक महिला का फोन आया. फोन करने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी आरोपी वतन कुमार से चार-पांच वर्ष पहले हो चुकी है और दोनों का एक बच्चा भी है. यह जानकारी मिलते ही पीड़िता के पैरों तले जमीन खिसक गई. उसने जब यह बात अपने परिजनों को बताने की कोशिश की तो कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई.

आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि सास, ससुर, पति, देवर और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसे कमरे में बंद कर दिया. उसने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा पहली शादी की बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई. पीड़िता के मुताबिक, आरोपी पक्ष के कई रिश्तेदार भी उसके ससुराल पहुंचे और सभी ने मिलकर उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया.

अगर किसी को बताया तो जान से मार देंगे

पीड़िता का आरोप है कि उसे बार-बार चेतावनी दी गई कि वह आरोपी की पहली शादी की जानकारी किसी को न दे. ऐसा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई. उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष उसके पिता से पांच लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग करने लगा. कहा गया कि यह मांग पूरी होने पर ही उसे घर में सम्मानपूर्वक रहने दिया जाएगा. मारपीट और प्रताड़ना के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई. उसने बताया कि 10 मई 2026 को उसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कागांव में कराया गया. बाद में उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने मामले की जांच शुरू कराई. जांच के दौरान लगाए गए आरोपों को गंभीर मानते हुए पुलिस ने आरोपी वतन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी नापोखुर्द गांव का निवासी बताया गया है. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया है. पीड़िता ने अपने आवेदन में पति के अलावा सास, ससुर, देवर तथा अन्य रिश्तेदारों पर भी प्रताड़ना, मारपीट, धमकी और दहेज मांगने के आरोप लगाए है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपितों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.

ALSO READ: जामताड़ा में अवैध वसूली के आरोप को लेकर शहरवासियों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *