Koderma : जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत बगड़ो गांव में शुक्रवार सुबह एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान 22 वर्षीय काजल खातून के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब दो महीने पहले आयान अंसारी से हुई थी. जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह काजल के पति ने उसके मायके वालों को फोन कर जल्द बगड़ो पहुंचने की बात कही और बताया कि काजल की तबीयत बेहद खराब है. सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में ससुराल पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि काजल का शव कमरे के बेड पर पड़ा हुआ है.

घर छोड़कर फरार हुए पति और ससुराल वाले
परिजनों ने जब घर में मौजूद लोगों को तलाशना शुरू किया तो पता चला कि काजल का पति और उसके ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो चुके हैं. इस घटना के बाद मृतका के परिवार वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया और मौके पर जमकर हंगामा किया. घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
एसडीपीओ ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोडरमा के एसडीपीओ प्रमोद केशरी भी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने मृतका के परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए शांत कराया,
एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.
इलाके में चर्चा और लोगों में आक्रोश
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. शादी के महज दो महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Also Read : कोडरमा के अलग – अलग जगहों पर वज्रपात से दो महिला घायल
