Palamu: पलामू में आइसा और आरवाईए के बैनर तले छात्रों और युवाओं ने कलस्टर सिस्टम और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. राज्यव्यापी चक्का जाम के तहत रेड़मा चौक पर सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा.

प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं ने कहा कि झारखंड सरकार के कलस्टर सिस्टम से दूर-दराज के कॉलेजों को आपस में जोड़ा जा रहा है, जिससे ग्रामीण और गरीब परिवारों के छात्रों को पढ़ाई में परेशानी होगी. खासकर छात्राओं की सुरक्षा और कॉलेजों की दूरी बड़ी समस्या बन सकती है. नेताओं ने आरोप लगाया कि कॉलेजों के विलय से शिक्षकों और कर्मचारियों के पद भी खत्म होंगे, जिससे रोजगार संकट बढ़ेगा.
पेपर लीक के मामलों छात्रों ने केंद्र को घेरा
इसके साथ ही छात्रों ने नीट समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों पर केंद्र सरकार को घेरा. नेताओं ने कहा कि लगातार पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की.
छात्र संगठनों ने चेतावनी दी कि अगर कलस्टर सिस्टम वापस नहीं लिया गया और पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा. कार्यक्रम में आइसा पलामू के जिला सचिव गौतम दांगी, राज्य उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में छात्र और युवा मौजूद रहे.
ALSO READ: शराब घोटाला: नवीन केडिया को नहीं मिली लंदन जाने की अनुमति, अदालत ने याचिका की खारिज
