NEWS DESK: मुंबई में आज का दिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास बन गया. कारण था ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का 53वां जन्मदिन. सुबह से ही उनके आवास के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ जुटने लगी. हर चेहरे पर बस एक ही उत्साह था-अपने चहेते सितारे की एक झलक पाने की उम्मीद.
सचिन तेंदुलकर के जन्मदिन पर मुंबई में जश्न, केक काटकर फैंस से मिले मास्टर ब्लास्टर
अपने 53वें जन्मदिन पर सचिन तेंदुलकर ने अपने प्रशंसकों को खास तोहफा दिया. पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ वह घर के बाहर आए और केक काटकर इस मौके को यादगार बना दिया.
केक कटते ही माहौल उत्साह से भर उठा-चारों ओर तालियों की गूंज और ‘सचिन… सचिन’ के नारों ने पूरा वातावरण किसी छोटे स्टेडियम जैसा बना दिया. उनके सबसे बड़े प्रशंसक सुधीर ने इस पल को और खास बनाते हुए तिरंगा लहराया और शंख बजाकर जश्न में जोश भर दिया. केक काटने के बाद सचिन ने आगे बढ़कर फैंस से मुलाकात की और उनके प्यार व समर्थन के लिए आभार जताया.
सचिन तेंदुलकर का जन्मदिन, मुंबई में गूंजा जश्न
‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के बीच सचिन तेंदुलकर का जन्मदिन किसी उत्सव से कम नहीं लगा. इस मौके पर सचिन हरे रंग की शर्ट में नजर आए, जबकि पत्नी अंजलि पीले सूट में साथ दिखीं.
Also Read: मुकेश अंबानी की बड़ी ग्लोबल पहल: TIME100 Next India होगा लॉन्च, अमेरिका से नीता अंबानी ने की घोषणा
2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बावजूद सचिन के प्रति दीवानगी आज भी उतनी ही मजबूत है. वानखेड़े स्टेडियम में जो जोश कभी देखने को मिलता था, वही उत्साह इस बार उनके घर के बाहर फैंस की भीड़ में साफ झलकता रहा.
