मोटर चोर गिरोह का भंडाफोड़: दो गिरफ्तार, बोलेरो समेत 4 चोरी के मोटर जब्त

Palamu: पलामू जिले की हुसैनाबाद थाना पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की...

Palamu: पलामू जिले की हुसैनाबाद थाना पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की है. हुसैनाबाद एसडीपीओ (SDPO) दिव्यांश शुक्ला ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय मोटर चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की जाने वाली एक बोलेरो गाड़ी और भारी मात्रा में चोरी के मोटर बरामद किए गए हैं.

गिरफ्तारी की कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, जून महीने में दर्ज एक मामले के अनुसंधान के क्रम में हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. इस अभियान में छतरपुर थाना पुलिस का भी सहयोग लिया गया. पुलिस टीम ने जाल बिछाकर छतरपुर थाना क्षेत्र के तिलैया निवासी सतीश कुमार (22 वर्ष) और कंचनपुर निवासी आनंद कुमार (24 वर्ष) को धर दबोचा.

Also Read: पलामू: चार महीने के मासूम की मौत, माता-पिता गंभीर रूप से घायल, दो आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों की निशानदेही पर हुई बरामदगी

गिरफ्तारी के बाद पुलिसिया पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की वारदातों में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी (पंजीकरण संख्या- JH02R-3449) को जब्त किया. इसके साथ ही गिरोह द्वारा अलग-अलग जगहों से चोरी किए गए चार मोटर भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने सभी सामानों को विधिवत जब्त करते हुए सूची तैयार कर ली है.

छापेमारी दल में ये थे शामिल

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में हुसैनाबाद थाने के पु०अ०नि० कमल किशोर पांडेय, छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे, हुसैनाबाद थाने के पु०अ०नि० संतोष दास, दंगवार पिकेट के पु०अ०नि० सोनू कुमार तथा हुसैनाबाद व छतरपुर रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *