Garhwa: जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रविवार सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बाइक सवार व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना बड़गड़ थाना अंतर्गत सालो जंगल स्थित ललमटिया मोड़ के पास की है.
पीछा कर अपराधियों ने मारी गोली
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति अपाचे मोटरसाइकिल (क्रमांक- JH 20 F 8585) से बड़गड़ की ओर से भंडरिया की तरफ जा रहा था. इसी दौरान एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा करना शुरू किया. ललमटिया मोड़ के पास अपराधियों ने उसे जबरन रोका और ताबड़तोड़ गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने खून से लथपथ अज्ञात व्यक्ति को गंभीर स्थिति में रेस्क्यू कर इलाज के लिए भंडरिया भिजवाया, हालांकि, अस्पताल में इलाज के क्रम में घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया.
Read Also: देवघर पहुंचे मंत्री योगेंद्र प्रसाद, परिवार संग बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा-अर्चना
मृतक की शिनाख्त में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस मृतक की शिनाख्त करने और अपराधियों का सुराग लगाने के लिए सघन जांच अभियान चला रही है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है.
