Ranchi: रांची पुलिस ने टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में हुई कमलेश कुमार की हत्या की गुत्थी को महज कुछ ही दिनों में सुलझा लिया है. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले में मृतक की कथित प्रेमिका, उसके पति और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड को सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश रची गई थी.
क्या था पूरा मामला?
बीती तीन मई को टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र के मानकी डीपा रिंग रोड के किनारे कमलेश कुमार का शव बरामद हुआ था. शव की स्थिति को देखकर पहली नज़र में यह सड़क दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा था. पुलिस अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि कमलेश की हत्या दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी. पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
मुख्य अभियुक्त शिवनाथ कुमार सिंह को पता चला था कि उसकी पत्नी अंगिता देवी का मृतक कमलेश कुमार के साथ अवैध संबंध है. इसी प्रतिशोध में उसने हत्या की साजिश रची. कमलेश की हत्या जानुम हाहे स्थित शिवनाथ के घर पर ही कर दी गई थी. साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से अभियुक्तों ने शव को हाईवा ट्रक में लादा और रिंग रोड ले गए. वहां सड़क किनारे शव को फेंककर उसके ऊपर हाईवा का अगला पहिया चढ़ा दिया गया, ताकि पुलिस इसे हिट-एंड-रन का मामला समझे.
ALSO READ: तिरुलडीह में करंट से 30 वर्षीय नर हाथी की मौत, पोस्टमार्टम के बाद दफनाया गया
