Ranchi: राजधानी में अतिक्रमण के खिलाफ रांची नगर निगम ने शुक्रवार को डीपीएस चौक से मेकॉन तक व्यापक अभियान चलाकर अवैध कब्जाधारियों पर कड़ा प्रहार किया. सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान सड़क, फुटपाथ और नदी किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया. अवैध गैरेज, मीट दुकानों और सड़क किनारे संचालित दुकानों पर कार्रवाई करते हुए निगम ने साफ कर दिया कि सार्वजनिक जमीन पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अभियान के दौरान सड़क किनारे संचालित दो अवैध गैरेज हटाए गए. जांच में पाया गया कि गैरेज संचालकों ने बड़ी संख्या में वाहन सड़क पर खड़े कर रखे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था. निगम ने दोनों संचालकों को 24 घंटे के भीतर सभी वाहन हटाने का निर्देश दिया और दोबारा अतिक्रमण मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी. सड़क किनारे लंबे समय से लावारिस खड़े एक कंडम वाहन को भी निगम की टीम ने ध्वस्त कर जब्त कर लिया. अधिकारियों ने कहा कि शहर में ऐसे सभी अनुपयोगी वाहनों की पहचान की जा रही है और समय रहते नहीं हटाने वालों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई होगी.
यह भी पढ़ें: रांची नगर निगम की 630 जमीनों के म्यूटेशन की प्रक्रिया शुरू, शहर के 24 स्थानों पर विकसित होंगे ग्रीन पैच


सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील
कार्रवाई के दौरान तंबाकू, सिगरेट, पान और गुटखा बेचने वाली कई अवैध दुकानों को भी हटाया गय.। स्थानीय लोगों ने इन दुकानों के कारण भीड़, छेड़छाड़ और असामाजिक गतिविधियों की शिकायत की थी. स्कूल और रिहायशी इलाके के पास होने के कारण निगम ने इसे गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई की. भूसुर नदी किनारे संचालित दो अवैध मीट दुकानों को भी हटाया गया. जांच में सामने आया कि मीट का कचरा नदी में फेंका जा रहा था, जिससे जल प्रदूषण फैल रहा था. साथ ही बड़ी संख्या में पक्षियों के जमा होने से फ्लाइंग जोन में विमान संचालन के लिए बर्ड हिट का खतरा भी बढ़ रहा था. इसे देखते हुए दोनों दुकानों को तत्काल हटवा दिया गया. अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त ने भूसुर नदी किनारे और अन्य खाली स्थानों पर ग्रीन पैच विकसित कर सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू करने का निर्देश भी दिया, ताकि अतिक्रमण मुक्त जमीन का बेहतर उपयोग हो सके. नगर निगम ने नागरिकों और कारोबारियों से सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि सड़क, फुटपाथ, नदी-नालों और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और पहले से अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: लातेहार: भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर बैजनाथ सिंह को दस वर्ष की सश्रम कारावास, 10 लाख का इनामी था नक्सली


