विनीत आभा उपाध्याय

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची से पिछले कुछ समय में ऐसी कई चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं जिन्होंने समाज, पुलिस और मनोवैज्ञानिकों को गहरी चिंता में डाल दिया है. अमूमन यह माना जाता है कि आत्महत्या के पीछे आर्थिक तंगी, कर्ज का जाल या गंभीर पारिवारिक कलह मुख्य वजहें होती हैं. लेकिन रांची के हाई-प्रोफाइल कारोबारी तबके में हाल ही में हुए कुछ मामलों ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है. शानदार गाड़ियां, आलीशान बंगले, सफल बिजनेस और हंसता-खेलता परिवार होने के बावजूद शहर के रसूखदार और बड़े कारोबारी आत्मघाती कदम उठा रहे हैं. ऐसे में सवाल ये उठता है कि आखिर इस चमकती दुनिया के पीछे ऐसा कौन सा अंधेरा है जो इन सफल लोगों को जिंदगी खत्म करने पर मजबूर कर रहा है? रांची के कारोबार जगत में घट रही ये घटनाएं एक वेक-अप कॉल की तरह हैं.
जानिए कब-कब हाईप्रोफाइल कारोबारियों ने की आत्महत्या
रांची में कोयला और ईंट कारोबारी मनीष धानुका ने खुद को मारी गोली:
रांची के चर्चित कोयला और ईंट कारोबारी मनीष धानुका ने आठ जून 2025 को खुद को गोली मार ली थी. इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. वह कोतवाली थाना क्षेत्र के गाड़ीखाना के रहने वाले थे. मनीष धानुका की डेड बॉडी उनके ही घर के कमरे से मिली थी. कमरे में बेड के पास ही वे गिरे हुए थे.
जेडी हाई स्ट्रीट मॉल के एमडी ने किया सुसाइड,अपार्टमेंट की छठी मंजिल से लगाई छलांग
रांची में छह फरवरी 2026 की देर रात जेडी हाई स्ट्रीट मॉल के एमडी अनुराग सरावगी ने छठी मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पुलिस आत्महत्या का कारण और दूसरे तथ्यों को लेकर जांच में जुटी हुई है. राजधानी रांची के जाने-माने बिल्डर और मेन रोड स्थित जेडी हाई स्ट्रीट मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग सरावगी ब्लेयर अपार्टमेंट में रहते थे. देर रात वो अपार्टमेंट के छठी मंजिल से कूद गए और उनकी मौत हो गई. घटना के समय वह फ्लैट में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चे रिश्तेदारों से मिलने गए हुए थे. देर रात तक पुलिस को कारणों का पता नहीं चला, लेकिन प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई गई.
रांची के कावेरी रेस्टोरेंट मालिक लव भाटिया ने की आत्महत्या
रांची के जाने-माने कावेरी रेस्टोरेंट के संचालक लव भाटिया ने 21 मई को सल्फास जहर खाकर आत्महत्या कर लिया. इस अप्रत्याशित घटना के बाद शहर के कारोबारी जगत में शोक की लहर फैल गई. बताया जा रहा है कि घटना के समय लव भाटिया अपने रेस्टोरेंट में ही मौजूद थे. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह रेस्टोरेंट परिसर में ही अचेत होकर गिर पड़े. वहां मौजूद कर्मचारियों और परिचितों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया. चैंबर ऑफ कॉमर्स और रोटरी क्लब जैसी संस्थाओं को आगे आकर स्ट्रेस मैनेजमेंट और मेंटल हेल्थ पर सेमिनार आयोजित करने चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं भविष्य में न हो.
