रांची के ओरमांझी में 5 घंटे तक डकैती का तांडव, राइस मिल से ₹3.35 लाख कैश लूटे, कर्मियों को बनाया बंधक

Ranchi: रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र के तापे गांव स्थित एक राइस मिल और कोल्डड्रिंक्स गोदाम में सशस्त्र अपराधियों ने करीब...

Ranchi: रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र के तापे गांव स्थित एक राइस मिल और कोल्डड्रिंक्स गोदाम में सशस्त्र अपराधियों ने करीब पांच घंटे तक डकैती की वारदात को अंजाम दिया. 20 से 22 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने परिसर में मौजूद कर्मियों को बंधक बना लिया, उनके साथ मारपीट की और मालिक के अपहरण की धमकी देते हुए लॉकर से 3 लाख 35 हजार रुपये नकद लूट लिये. इसके अलावा अपराधी ट्रांसफॉर्मर तोड़कर कॉपर वायर और गोदाम में रखी कोल्डड्रिंक्स की बोतलें भी अपने साथ ले गये.

पिकअप वैन से पहुंचे, चेहरे पर बांध रखा था काला कपड़ा

घटना 10 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे की है. इस मामले में रांची निवासी आदित्य सिंह के बयान पर 12 जुलाई को ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस को दी गयी शिकायत के अनुसार सभी अपराधी एक पिकअप वैन से परिसर में दाखिल हुए थे. उन्होंने अपने चेहरे और सिर को काले कपड़े से ढंक रखा था तथा उनके हाथों में पिस्तौल, चाकू समेत अन्य हथियार थे.

कर्मियों को बंधक बनाकर लूटा लॉकर

डकैतों ने सबसे पहले परिसर में गश्त कर रहे कर्मी अनिल सिंह को पकड़ लिया और उनसे मालिक व परिसर की जानकारी ली. इसके बाद उनके हाथ-पैर बांधकर पीएलसी रूम में बंद कर दिया. फिर अपराधियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर मौजूद कर्मी विनीत सिंह पर हमला किया, लॉकर की चाबी छीनी और उसमें रखी नकदी लूट ली. विनीत को भी बांधकर पैनल रूम में बंद कर दिया गया. पीड़ितों का कहना है कि अपराधियों को कारखाने की बनावट और लॉकर की पूरी जानकारी थी.

रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक मचाया उत्पात

शिकायतकर्ता आदित्य सिंह के अनुसार अपराधी रात करीब 11 बजे से सुबह 4 बजे तक परिसर में डटे रहे. इस दौरान उन्होंने नकदी, कॉपर वायर और अन्य सामान दो वाहनों में लादकर फरार हो गये. वारदात के दौरान पूरे परिसर में दहशत का माहौल बना रहा.

पुलिस की कार्रवाई पर पीड़ितों ने उठाए सवाल

आदित्य सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश करने के बजाय पूछताछ के नाम पर कर्मी विनीत सिंह को थाने ले गयी. उनका दावा है कि विनीत से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गयी और उसके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया.

Read Also: अमरनाथ यात्रा शुरू होते ही पिघला शिवलिंग, जलवायु परिवर्तन की चर्चा तेज

कर्मी बोले- अपराधियों की जगह मुझसे हो रही पूछताछ

राइस मिल के कर्मी विनीत सिंह ने कहा कि उन्होंने घटना से जुड़ी पूरी जानकारी पुलिस को दे दी है. इसके बावजूद अपराधियों को पकड़ने के बजाय उनसे ही अपराधी जैसा व्यवहार किया जा रहा है.

2023 में भी इसी परिसर में हुई थी बड़ी डकैती

बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में भी इसी राइस मिल परिसर में बड़ी डकैती हुई थी, जिसमें लाखों रुपये की संपत्ति की लूट हुई थी. एक बार फिर उसी परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

क्या कहती है पुलिस

ओरमांझी थाना के कनीय प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि विनीत सिंह को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था. उनके साथ मारपीट या दुर्व्यवहार के आरोप निराधार हैं.

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *