News Wave Desk : राकेश बेदी इन दिनों फिल्म धुरंधर: द रिवेंज की जबरदस्त सफलता के बाद सुर्खियों में छाए हुए हैं. फिल्म में उनका निभाया गया किरदार जमील जमाली और डायलॉग “बच्चा है तू मेरा” सोशल मीडिया पर ऐसा वायरल हुआ कि हर तरफ मीम्स और क्रिएटिव्स की बाढ़ आ गई. इसी बीच खबर उड़ गई कि फिल्म के मेकर्स ने खुश होकर उन्हें 1 करोड़ रुपये का बोनस दे दिया है. अब खुद राकेश बेदी ने इन अफवाहों पर चुप्पी तोड़ दी है और अपने मजेदार अंदाज से सबको हंसा दिया. एक इंटरव्यू के दौरान जब उनसे 1 करोड़ बोनस वाली चर्चा पर सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अगर इतने सारे लोग उनके नाम और डायलॉग से कमाई कर रहे हैं, तो फायदा उन्हें भी मिलना चाहिए.
इंटरव्यू में होस्ट ने मजाक करते हुए कहा,

“100 ब्रैंड्स ने ‘बच्चा तू मेरा’ वाले क्रिएटिव बनाए हैं, अगर हर ब्रैंड 1 लाख रुपए भेज दें, तो 1 करोड़ हो जाएगा”.
इस पर राकेश बेदी ने ठहाका लगाते हुए जवाब दिया कि, सब मेरा नाम इस्तेमाल कर रहे हैं, मीम बना रहे हैं, कार्टून बना रहें है. उसका फायदा मुझे भी तो होना चाहिए ना. उनके इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर फैंस फिर से एक्टिव हो गए हैं. कई यूजर्स का कहना है कि राकेश बेदी का यही मजाकिया अंदाज उन्हें सबसे अलग बनाता है. दरअसल, कुछ दिनों पहले ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई थीं कि ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी के मेकर्स राकेश बेदी की एक्टिंग से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने उनकी फीस के अलावा 1 करोड़ रुपये बोनस के तौर पर दिए. लेकिन अभिनेता ने साफ कर दिया कि अभी तक उनके अकाउंट में ऐसा कोई पैसा नहीं आया है. करीब 50 साल से इंडस्ट्री में सक्रिय राकेश बेदी ने अपने करियर में 150 से ज्यादा फिल्मों और कई लोकप्रिय टीवी शोज में काम किया है. अपने सफर को लेकर उन्होंने कहा कि वे कभी इस बात को लेकर परेशान नहीं हुए कि उन्हें कौन-सा रोल मिला या नहीं मिला.
उन्होंने कहा कि जो आना होगा, आ जाएगा. मैं कभी ऐसा अभिनेता नहीं रहा जो यह सोचकर निराश हो जाए कि मुझे कोई खास रोल क्यों नहीं मिला. फिलहाल ‘बच्चा है तू मेरे’ डायलॉग का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है और राकेश बेदी एक बार फिर इंटरनेट की दुनिया में छा गए हैं.
Also Read : पांच साल से बिना परमिट दौड़ रही स्कूल बस जब्त, बच्चों की जान से खिलवाड़ पर प्रशासन की कार्रवाई
