Chaibasa: “प्रोजेक्ट समावेश” के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से टाटा कॉलेज चाईबासा स्थित बहुउद्देशीय सभागार में जिला उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) का एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में अपर उपायुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर एवं सदर चाईबासा के अनुमंडल पदाधिकारी भी उपस्थित रहे. प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित संचालन के लिए बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, तकनीकी प्रक्रियाओं और क्षेत्रीय दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाया जा सके.

प्रशिक्षण में आवश्यक सुधार प्रक्रियाओं की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने, मतदाता सूची में त्रुटियों के संशोधन, पते में परिवर्तन, फोटो अद्यतन समेत अन्य आवश्यक सुधार प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई. साथ ही नए मतदाता पंजीकरण, नाम विलोपन, संशोधन और स्थानांतरण संबंधी निर्धारित प्रपत्रों के सही उपयोग एवं समयबद्ध निष्पादन पर भी विस्तार से चर्चा की गई. इसके अलावा, ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के सत्यापन, डिजिटलीकरण प्रक्रिया तथा संबंधित पोर्टल एवं मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग को लेकर भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण में बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाता सूची का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने, युवाओं, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को जागरूक करने तथा मृत, स्थानांतरित एवं दोहराव वाले मतदाताओं की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता सटीक एवं अद्यतन मतदाता सूची पर आधारित होती है और इस प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित बीएलओ यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए.
83 बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता मैपिंग कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 83 बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इन सभी ने मतदाता मैपिंग अभियान के तहत 90 से 95 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग सुनिश्चित की है.
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी बीएलओ को मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई तथा उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी कॉर्नर जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया.
यह भी पढ़ें: सुदामा प्रधान की चौथी पुण्यतिथि पर अन्न सेवा कार्यक्रम का आयोजन, पत्रकार साथियों ने दी श्रद्धांजलि
