Jamshedpur : शहर के व्यस्त व्यावसायिक इलाके जुगसलाई में शुक्रवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गोलछा बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान में घुसकर बेखौफ अपराधी ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस जानलेवा हमले में दुकान के संचालक दिनेश कुमार बेरिया बाल-बाल बच गए. गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
काउंटर पर बैठे व्यवसायी पर सीधा निशाना:
जानकारी के मुताबिक, जुगसलाई गोलछा बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन नामक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में रोज की तरह कामकाज चल रहा था. दुकान संचालक दिनेश कुमार बेरिया अपने काउंटर पर बैठे हुए थे. इसी दौरान शाम के वक्त एक अज्ञात अपराधी अचानक दुकान के भीतर दाखिल हुआ. उसने बिना कोई वक्त गंवाए दिनेश बेरिया को निशाना बनाते हुए सीधे उन पर गोली चला दी.
गनीमत यह रही कि गोली सीधे न लगकर उनके कान के पास से सनसनाती हुई निकल गई, जिससे उनकी जान बच गई.

शोर माचने पर भागे अपराधी, बाजार में मची भगदड़:
गोली की आवाज से पूरी दुकान और आसपास का बाजार थर्रा उठा. अचानक हुई इस फायरिंग से दुकान में मौजूद कर्मचारी और बाजार के अन्य लोग सहम गए. हालांकि, इसके तुरंत बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई और हो-हंगामा करना शुरू किया. लोगों को भारी संख्या में जुटते देख और खुद को घिरता पाकर अपराधी घबरा गया और तुरंत मौके से भाग खड़ा हुआ. इस घटना के बाद गोलछा बाजार में काफी देर तक अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बनी रही.
सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाश, खोखा बरामद:
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी की और जांच शुरू कर दी.
