Palamu : राहुल सिंह गैंग के चार सक्रिय अपराधियों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया. इसकी जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि हैदरनगर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण करा रही एक निजी कंपनी के कैंप पर गोलीबारी करने और रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे. पुलिस को इसकी जानकारी मिली. जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के चार सक्रिय अपराधियों गिरफ्तार किया गया. जो वारदात को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए थे.
घेराबंदी कर दबोचे गए अपराधी
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह के शूटर डूअर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के वर्कशॉप पर रात में फायरिंग कर दहशत फैलाने और रंगदारी के लिए दबाव बनाने की योजना बना रहे हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में हैदरनगर पुलिस की एक विशेष टीम बनायी गयी.
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकाने की घेराबंदी की. पुलिस को देखकर अपराधियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने चारों को पकड़ लिया.

लातेहार के रहने वाले हैं चारों आरोपी
पकड़े गए अपराधियों में विक्रांत सिंह उर्फ सिकराम सिंह, संतोष राम, मधुकांत प्रजापति और बिक्रम राम शामिल हैं. ये सभी आरोपी लातेहार जिले के रहने वाले हैं और गिरोह के इशारे पर पलामू में बड़ी वारदात करने आए थे. इनमें से मुख्य आरोपी विक्रांत सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है.
पिस्तौल, जिंदा कारतूस और मिसफायर गोलियां बरामद
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक काले रंग का बैग बरामद किया. इस बैग की तलाशी लेने पर दो 9 एमएम की पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, छह मिसफायर गोलियां और एक खाली मैगजीन मिली है. इसके अलावा पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. जिससे ये अपने गैंग के सरगना से संपर्क में थे.
पूछताछ में कबूला जुर्म, भेजा गया जेल
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राहुल सिंह के निर्देश पर ही निर्माण कंपनी के वर्कशॉप पर गोलीबारी कर कंपनी प्रबंधन को डराने और मोटी रकम वसूलने की साजिश रच रहे थे. इस मामले में हैदरनगर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर चारों को जेल भेजा जा रहा है. पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और वित्तीय मददगारों का पता लगाने में जुटी है.
ALSO READ : गुमला: SIR को लेकर कांग्रेस हुई सक्रिय, बूथों पर अनमैप्ड मतदाता सूची चस्पा करने की उठाई मांग
