Palamu: झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा 2024 के सुचारू, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर पलामू जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. शनिवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने समाहरणालय सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
परीक्षा की निष्पक्षता पर रहेगा विशेष फोकस
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा.
होटल, लॉज और धर्मशालाओं की होगी सघन जांच
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शनिवार शाम से ही शहर के होटल, लॉज, धर्मशालाओं और अन्य ठहराव स्थलों की सघन जांच कराई जाए. उन्होंने कहा कि परीक्षा तीन चरणों में आयोजित होनी है, इसलिए यह समय अत्यंत संवेदनशील है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए.
परीक्षा केंद्रों पर रहेंगी सभी आवश्यक सुविधाएं
उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था तथा चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं.
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स परीक्षा केंद्र के भीतर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा.
पुलिस अधीक्षक ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों को स्थानीय थाना प्रभारी का संपर्क नंबर अपने पास रखने को भी कहा.
समीक्षा बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित दंडाधिकारी तथा विभिन्न परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे. बैठक में परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया.
ALSO READ: जामताड़ा: सड़क हादसे में कोल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा नाथ कोल की मौत
