Palamu: जिले की सदर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 520 ग्राम अफीम, एक होंडा मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए है.
SP को मिली थी तस्करी की गुप्त सूचना
यह कार्रवाई पलामू के पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई. सूचना थी कि सतबरवा की ओर से दो युवक मोटरसाइकिल पर अफीम लेकर मेदिनीनगर की तरफ आने वाले हैं. सूचना मिलते ही SP के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया और चियांकी तीन मुहान के पास सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई.
झोले से बरामद हुई 520 ग्राम अफीम
चेकिंग के दौरान सतबरवा की ओर से आ रही लाल-काले रंग की होंडा मोटरसाइकिल (JH 03 AT 9584) को रोककर दोनों युवकों की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद पीले रंग के झोले से सफेद और काले प्लास्टिक में लिपटा हुआ लगभग 520 ग्राम चिपचिपा काला अफीम बरामद हुआ, इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
दोनों आरोपी पांकी थाना क्षेत्र के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय अजय कुमार यादव (पिता- स्व. सूकन यादव) और 23 वर्षीय ईश्वरी यादव (पिता- केदार यादव) के रूप में हुई है. दोनों पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के बरा गांव के निवासी हैं.
ALSO READ: पलामू: उपायुक्त के निर्देश पर अनाथ बच्चों के घर पहुंची प्रशासनिक टीम, हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में सदर थाना में कांड संख्या 79/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
