Palamu: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चर्चित रामपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपी मंटू सिंह ने पुलिसिया दबाव के आगे घुटने टेकते हुए आखिरकार अदालत में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया है. क्षेत्र में इस आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार मांग की जा रही थी, जिसे देखते हुए पुलिस लगातार छापेमारी और दबाव बना रही थी.
जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला एक गंभीर जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 17 नामजद और 30 से 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. पुलिस इस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. मुख्य आरोपी मंटू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का चौतरफा दबाव था, जिसके कारण आज उसने कोर्ट में जाकर सरेंडर कर दिया.

क्षेत्र में तनाव का माहौल था
इस जमीनी विवाद को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ था. कुछ तत्वों द्वारा लगातार जातीय समीकरण बनाकर वहां के माहौल को बिगाड़ने की भी कोशिश की जा रही थी. स्थिति की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने खुद मोर्चा संभाला और एहतियात के तौर पर वहां आगामी 30 जून तक धारा 144 लागू कर दी है. इसके साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार क्षेत्र में गश्त और कैंप कर रहा है. मुख्य आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
AlsoRead:देश की सुरक्षा करने वाले जवान अब झारखंड के जेलों की करेंगे चौकसी, होगी नियुक्ति
