Palamu: पलामू जिले के रामगढ़ प्रखंड स्थित सुदूरवर्ती क्षेत्र हीसरा गांव में आखिरकार आजादी के इतने वर्षों बाद बिजली पहुंच ही गई. गांव में पहली बार बल्ब जलते ही ऐसा माहौल बना मानो किसी बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया जा रहा हो. बच्चे, बुजुर्ग और ग्रामीण खुशी से झूम उठे. अब हीसरा गांव लालटेन और ढिबरी के दौर से बाहर निकल चुका है. ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग और रोजमर्रा के काम प्रभावित होते थे. कई बार मांग उठी, लेकिन हर बार फाइल अंधेरे में ही गुम हो जाती थी. इस बार गांव की समस्या सांसद बीडी राम तक पहुंची, जिसके बाद अधिकारियों को निर्देश दिया गया और गांव में बिजली पहुंची दी गयी.
यह भी पढ़ें: रांची: साइबर गैंग के पांच अपराधी गिरफ्तार, 50 पासबुक और 26 डेबिट कार्ड बरामद
रोशनी वाले भारत का हिस्सा बनने पर गांव में खुशी की लहर
बिजली आने पर ग्रामीणों ने सांसद प्रतिनिधि भोला पांडे को बुलाकर सम्मानित किया और आभार जताया. हालांकि गांव के कई लोगों की जुबान पर एक ही बात रही, “जो काम दशकों पहले होना चाहिए था, वह अब जाकर हुआ है, लेकिन देर आए दुरुस्त आए.” मौके पर भोला पांडे ने कहा कि सांसद विष्णु दयाल राम का प्रयास है कि विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी गांव बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे. वहीं ग्रामीणों ने भी खुशी जताई कि अब उनका गांव भी “रोशनी वाले भारत” का हिस्सा बन गया है.
यह भी पढ़ें: Hazaribagh: बड़कागांव पुलिस की त्वरित कारवाई, पॉक्सो एक्ट में आरोपी गिरफ्तार



