Hazaribagh: बड़कागांव पुलिस की त्वरित कारवाई, पॉक्सो एक्ट में आरोपी गिरफ्तार

Hazaribagh: बड़कागांव थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट और धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर...

Hazaribagh: बड़कागांव थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट और धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी की पहचान सिकरी निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.

पीड़िता के पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

इस संबंध में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था. आवेदन मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई. पुलिस ने बड़कागांव थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 20 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 127(2), 74, 352, 351(2), 3(2) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत प्राथमिकी दर्ज की. इसके बाद आरोपी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

ट्यूशन जाने के दौरान घटना का आरोप

पीड़िता के पिता ने आवेदन में बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री हजारीबाग में कमरा लेकर पढ़ाई करती थी और प्रतिदिन साइकिल से बाबूगांव ट्यूशन पढ़ने जाती थी. आरोप है कि ट्यूशन जाने के दौरान संत कोलंबस कॉलेज के समीप आरोपी संदीप कुमार मोटरसाइकिल से पहुंचा और लड़की की साइकिल रोक दी. इसके बाद उसने कथित रूप से पिस्तौल दिखाकर नाबालिग को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और इंटर साइंस कॉलेज के पीछे ले गया. परिजनों के अनुसार वहां आरोपी ने लड़की के साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने की कोशिश की. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गई.

बेहोशी के बाद परिजनों को दी सूचना

पीड़िता को होश आने के बाद उसने किसी तरह अपने पिता को फोन किया. सूचना मिलने पर पिता मौके पर पहुंचे और बेटी को अपने साथ कमरे पर ले आए. आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी दो अन्य लोगों के साथ पीड़िता के कमरे पर पहुंचा और गाली-गलौज व मारपीट करने लगा. इतना ही नहीं, उसने पीड़िता के साथ फिर दुर्व्यवहार करने का प्रयास किया. भयभीत परिवार बाद में लड़की को लेकर अपने घर लौट आया.

घर पहुंचकर भी देता रहा धमकी

पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी उनके घर तक पहुंच गया और लगातार धमकी देता रहा. इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पुराने मामलों में भी तेज हुई कार्रवाई

थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि बड़कागांव थाना क्षेत्र में किसी भी मामले में आवेदन प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि कई पुराने मामलों का भी उद्भेदन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है. पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.

AlsoRead:रांची: साइबर गैंग के पांच अपराधी गिरफ्तार, 50 पासबुक और 26 डेबिट कार्ड बरामद

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *