Palamu: DC दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) की प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक में बताया गया कि PMFME योजना के तहत निर्धारित 75 के लक्ष्य के विरुद्ध कुल 91 आवेदन विभिन्न बैंकों को भेजे गए हैं. हालांकि बैंकों द्वारा अब तक केवल 4 आवेदनों को ही स्वीकृति दी गई है. इस पर DC ने नाराजगी जताते हुए आवेदनों की स्वीकृति और लाभुकों के खातों में राशि भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया.
पीएम विश्वकर्मा योजना की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 909 आवेदन प्राप्त हुए हैं. उपायुक्त ने बैंकवार लंबित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए. ऋण वितरण में हो रही देरी पर उपायुक्त ने सख्त असंतोष व्यक्त किया. उन्होंने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि स्वीकृत मामलों का नियमानुसार जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि पलामू में उद्योगों के विकास से आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. इसके लिए बैंकों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है.

बिना ठोस कारण आवेदन अस्वीकार न करने का निर्देश
उपायुक्त ने बैंकों को निर्देश दिया कि बिना किसी ठोस और तकनीकी कारण के आवेदनों को अस्वीकृत करने से बचें. उन्होंने लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया. बैठक में जिला उद्योग महाप्रबंधक रघुबर सिंह, एलडीएम अशोक श्रीवास्तव, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा उद्योग विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
ALSO READ: धर्मांतरण के खिलाफ संघर्ष और जनजातीय गौरव के अमर प्रतीक हैं भगवान बिरसा मुंडा: अमित शाह
