Palamu : जिला में शनिवार को महिलाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण पेश किया. इस शिविर का आयोजन वरदान चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से जिला स्वास्थय विभाग के सहयोग से किया गया था. शिविर का मुख्य उद्देश्य जिला में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना था. शिविर में आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वयं सहायता समूह की दीदियों, कॉलेज की छात्राओं और विभिन्न महिला संगठनों की सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. स्वास्थय कर्मियों की टीम ने शिविर में पूरी चिकित्सकीय निगरानी के साथ रक्त संग्रह किया. एकत्रित रक्त को सदर अस्पताल मेदिनीनगर के ब्लड बैंक में सुरक्षित रखा गया है. जिसका उपयोग थैलेसीमिया, सिकलसेल, सड़क दुर्घटना और प्रसव के दौरान जरूरतमंद मरीजों के लिए किया जाएगा.
महिलाएं सेवा भाव में सबसे आगे
इस दौरान सिविल सर्जन ने कहा कि पलामू की महिलाओं ने साबित कर दिया कि सेवा भाव में वे सबसे आगे है. रक्तदान महादान है. एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है. सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया.
ALSO READ : पुलिस ने कहा – शांतिपूर्वक जंतर-मंतर खाली करें प्रदर्शनकारी, अभिजीत दीपके ने शुरू किया अनशन
